शहर की सामाजिक संस्था ‘रायगढ़ दृष्टि’ के शानदार 25 वर्षरजत जयंती वर्ष पर सप्ताह भर तक आयोजित होंगे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रम

रायगढ़ ( EPICCG.NEWS) /शहर की सामाजिक संस्था ‘रायगढ़ दृष्टि’ के शानदार 25 वर्ष
रजत जयंती वर्ष पर सप्ताह भर तक आयोजित होंगे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक कार्यक्रम
शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक गतिविधियों को नया आयाम देने में सफल रही संस्था
रायगढ़। शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक, आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ विभिन्न सेवा कार्यों में जुटी संस्था ‘रायगढ़ दृष्टि’ संस्था ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर लिए। इस रजत जयंती वर्ष पर संस्था की ओर से सप्ताहभर तक शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अपने अब तक की गतिविधियों व कार्यों से आमजन को रूबरू तो कराएंगे ही, साथ ही सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक सहित अन्य क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने पर विशिष्टजनों का सम्मान भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संस्था अपने कार्यों का आंकलन भी करेगी और आगे के कार्यक्रमों व गतिविधियों की रूपरेखा भी बनाई जाएगी।
‘रायगढ़ दृष्टि’ संस्था की स्थापना आज से 25 वर्ष पूर्व शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, आध्यात्मिक गतिविधियों को नया आयाम देने के लिए शहर के प्रसिद्ध छायाकार कमल शर्मा ने की थी। इन 25 वर्षों में उन्होंने अपनी टीम के साथ शहर की विभिन्न गतिविधियों को न सिर्फ रायगढ़, बल्कि छत्तीसगढ़ के साथ देश के अन्य राज्यों तक पहुंचाने में अथक प्रयास किया। शुरुआत में कई बाधाएं आईं, लेकिन अपने जुनून व मेहनत के बल पर वे तमाम अवरोधों को पार करते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहे। वर्तमान स्थिति में देखें तो आज शहर के साथ पूरे जिले में रायगढ़ दृष्टि की अपनी अलग पहचान बन गई है। यह संस्था सालभर कुछ न कुछ आयोजन करते रहती है। शहीद भगत सिंह, भारत-रत्न मिसाइलमैन के नाम से मशहूर डॉ. अबुल कलाम की जयंती व पुण्यतिथि पर संगोष्ठी सहित विश्व पर्यटन दिवस, विश्व पर्यावरण दिवस, फोटोग्राफी दिवस, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन संस्था की ओर से किया जाता है, इन कार्यक्रमों में समाज के विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया जाता है।
रायगढ़ दृष्टि के संस्थापक कमल शर्मा ने बताया कि इस साल हम संस्था के स्थापना का रजत जयंती वर्ष धूमधाम से मनाएंगे। ये कार्यक्रम भी सामाजिक, सांस्कृतिक व आध्यात्मिक गतिवधियों पर समर्पित होंगे। पहले दिन चक्रधर गौशाला में कार्यक्रम होगा, जिसमें समाजसेवा के साथ अन्य क्षेत्रों में योगदान पर शहर के विशिष्टजनों को सम्मानित किया जाएगा। एक अन्य कार्यक्रम कमला नेहरू उद्यान में होगा, जिसमें संस्था के अब तक की गतिविधियों व भावी कार्यक्रमों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सत्तीगुड़ी चौक स्थित भरतकूप मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसी तरह अपना घर, वृद्धाश्रम में कार्यक्रम आयोजित दीन-दुखियों व बुजुर्गों की सेवा-सुश्रुषा की जाएगी। हमारा पूरा कार्यक्रम समाजसेवा के लिए समर्पित रहेगा। इन कार्यक्रमों शहरवासियों की पूरी भागीदारी रहेगी। उन्होंने शहरवासियों से भी संस्था के इन कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है।