जेएसपी चेयरमैन नवीन जिन्दल के जन्मदिन पर लगेगी विशेष फोटो प्रदर्शनी

जेएसपी चेयरमैन नवीन जिन्दल के जन्मदिन पर लगेगी विशेष फोटो प्रदर्शनी
- पारिवारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक व व्यावसायिक गतिविधियों की दिखेगी झलक
- कमल शर्मा के पास 25 से भी ज्यादा वर्षों का दुर्लभ फोटोग्राफिक संग्रह
रायगढ़। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति, जेएसपीएल के चेयरमैन और कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद नवीन जिन्दल के जन्मदिन (9 मार्च) के उपलक्ष्य में इस बार रायगढ़ दृष्टि और केके फिल्म्स के डायरेक्टर कमल शर्मा द्वारा जेएसपी रायगढ़ परिसर स्थित व्हाइट हाउस में एक भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
25 वर्षों का अनमोल संग्रह:
कमल शर्मा के पास नवीन जिन्दल से जुड़ी पारिवारिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और व्यावसायिक गतिविधियों की पिछले 25 वर्षों की दुर्लभ तस्वीरों का संग्रहण है। समय-समय पर वे फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से इसे प्रस्तुत करते रहे हैं। विशेष रूप से श्री जिन्दल के जन्मदिन और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी को सैकड़ों लोग देखने आते हैं और श्री शर्मा की फोटोग्राफी कला, संग्रहण और उनकी मेहनत की सराहना करते हैं।
नवीन जिन्दल के योगदान को प्रदर्शित करेगी प्रदर्शनी:
कमल शर्मा ने बताया कि कार्यपालन निदेशक सब्यसाची बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन में इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबूजी ओमप्रकाश जिन्दल और उनके छोटे सुपुत्र नवीन जिन्दल ने रायगढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ के विकास में अहम भूमिका निभाई है।
बाबूजी के जाने के बाद नवीन जिन्दल ने जेएसपीएल को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, जो उनकी कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और कर्मठता को दर्शाता है। कमल शर्मा, जो कंपनी की स्थापना के समय से ही जेएसपीएल से जुड़े हुए हैं, ने नवीन जिन्दल के संघर्ष और उपलब्धियों को नज़दीक से देखा और कैमरे में कैद किया है। नई दिल्ली, कुरुक्षेत्र और रायगढ़ में उनकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक दिनचर्या की झलक इन तस्वीरों में देखने को मिलेगी।
नई दिल्ली में भी होगा जन्मदिन समारोह:
रायगढ़ में फोटो प्रदर्शनी के आयोजन के बाद कमल शर्मा विनोद बट्टीमार और विकास गुप्ता अजन्ता के साथ नई दिल्ली रवाना होंगे, जहां नवीन जिन्दल के साथ केक काटकर जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे।
नवीन जिन्दल: एक परिचय:
नवीन जिन्दल एक प्रमुख भारतीय उद्योगपति और राजनेता हैं। वे 14वीं और 15वीं लोकसभा में कुरुक्षेत्र, हरियाणा से सांसद रह चुके हैं और 18वीं लोक सभा में फिर से सांसद चुने गए है साथ ही वर्तमान में जेएसपीएल (जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड) के अध्यक्ष और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं।
वे जनसंख्या नियंत्रण, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। उन्होंने दो बार लोकसभा चुनाव जीता, जबकि वर्तमान में वे भाजपा सांसद हैं।
राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार सभी भारतीय नागरिकों को दिलाने के लिए उनका विशेष योगदान हमेशा याद किया जाता है।